पकवाइनार। कसया से गोरखपुर के बीच डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस का संचालन शुरू किया गया है। शनिवार को गोरखपुर स्टैंड पर बस का उद्घाटन जिलाधिकारी गोरखपुर ने किया। 70 सीट वाली इस बस में आरामदायक सीटों के साथ ही सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। बस चालक अजय चौबे और परिचालक पवन कुमार पांडेय ने बताया कि यात्रियों को सामान्य बस के किराये में ही डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस में सफर की सुविधा मिलेगी।
बस का संचालन कसया से हाटा होते गोरखपुर और गोरखपुर से सोनबरसा, हाटा होते हुए कसया तक किया जाएगा। यात्रियों को 24 घंटे आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। प्रतिदिन कसया से गोरखपुर के बीच बस के संचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। बस में सफर करने वाले यात्रियों ने भी सुविधा को लेकर खुशी जताई। खासकर महिलाएं और बच्चे डबल डेकर एसी इलेक्ट्रिक बस को पसंद कर रहे हैं। चालक-परिचालक के अनुसार इलेक्ट्रिक बस सुरक्षा के लिहाज से भी मजबूत है और इसका संतुलन बेहतर है। इससे यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।