पडरौना। जन आरोग्य मेले में मरीजों को बेहतर सेवा देने के लिए शासन की ओर से निर्देश दिया गया है, लेकिन आलम यह है कि पीएचसी पर डॉक्टर समय से नहीं पहुंच रहे हैं। इस संबंध में अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था। इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने पीएचसी के सभी कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
मरीजों को बेहतर सुविधा देने के मकसद से शासन की ओर से रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें मरीजों के सेहत की जांच व जीवन रक्षक दवाएं दी जाती है। शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही डॉक्टर समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। स्टाफ नर्स व एलटी के द्वारा ही मरीजों को सेवा दी जा रही थी।इसके बाद डीएम ने सीएमओ से जबाब मांगा है। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टर व फाॅर्मासिस्ट व आयुष टीम से जबाब मांगा है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। आरोग्य मेले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मरीजों को दिए जाने का निर्देश है।