पडरौना। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था के साथ सीसीटीवी निगरानी, सीलिंग प्रक्रिया और अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी ली।
डीएम ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था को परखा। इसके अलावा प्रवेश और निकास नियंत्रण प्रणाली, डबल लॉक व्यवस्था, सील की स्थिति तथा अभिलेखों के नियमित संधारण की भी जांच की। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। सीसीटीवी कैमरे लगातार सक्रिय रखने और रिकॉर्डिंग की नियमित जांच करने के साथ सीलिंग प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने नियमित अंतराल पर गोदाम का निरीक्षण और सत्यापन कराने के निर्देश दिए। कहा कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा समेत निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।