रामकोला। रामकोला थाना के सटे मेन तिराहे पर ऑटो खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित के बहन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ मिलकर सड़क किनारे से अवैध अतिक्रमण हटावाया।
चंदरपुर खास निवासी इंद्रावती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 जून की सुबह करीब सात बजे उनके भाई राजकुमार कुशवाहा ने अपना सीएनजी ऑटो रामकोला शहीद गेट के पास खड़ा किया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने गाड़ी हटाने को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से राजकुमार पर हमला कर दिया। इस हमले में राजकुमार के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।