छितौनी में उफनाई गंडक नदी। संवाद
तमकुहीरोड। एपी बांध के किनारे बहने वाली गंडक नदी में वाल्मीकिनगर बैराज से पानी छोड़ने का सिलसिला अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। शनिवार को नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 35 सेमी उपर पहुंच गया। इसी के साथ बांध के किनारे रहने वाले ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ने लगी है। हालाकि बाढ़ खंड के अभियंता बाढ़ बचाव परियोजना कार्य को पूरा करने में लगे हुए हैं।
बावजूद इसके लोगों को आशंका है, कि जैसे ही नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जायेगा, स्थिति बिगड़ने में देर नही लगेगी। लोगों ने शीघ्र परियोजना के कार्यों को पूरा कराये जाने की मांग की है। सेवरही क्षेत्र मे नरवाजोत से अहिरौलीदान तक लगभग साढ़े सत्रह किलोमीटर की लम्बाई गन्डक नदी बहती है।
अब जब धीरे धीरे गंडक नदी में वाल्मीकिनगर बैराज से पानी छोड़े का सिलसिला बढ़ने लगा है। एक बार फिर एपी बांध के किनारे बसे नरवाजोत, पिपराघाट, जंगलीपट्टी, हनुमान टोला, घघवा जगदीश, जवही दयाल, विरवट कोन्हवलिया, बाक खाश, बाघा चौर, नोनियापट्टी, कचहरी टोला और अहिरौलीदान के लोगों की चिंता बढ़ गयी है, क्योंकि इसी तरह पिछले साल साढ़े पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ दिये जाने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गया था।