हाटा। प्राथमिक विद्यालय जेवनरहा के परिसर में स्थित काफी दिनों से जर्जर पड़ा आंगनबाड़ी भवन का एक हिस्सा सोमवार को अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। संयोग अच्छा था जब भवन का हिस्सा गिरा तक तक बच्चों की छुट्टी हो चुकी थी। जिससे कोई अनहोनी होने से बच गई। जर्जर भवन की शिकायत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई थी।
हाटा नगर पालिका के वार्ड संख्या 22 जेवनरहा में प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र एक ही परिसर में संचालित होता है। आंगनबाड़ी भवन काफी दिनों से जर्जर हालत में भी है। इसकी सूचना प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद कमरे आलम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूनम सिंह पहले ही अधिकारियों को दी थी कि जर्जर भवन को ध्वस्त कराया जाए, लेकिन अधिकारियों से इसकी सुधी नहीं ली। सोमवार को अचानक दोपहर बाद जर्जर भवन का एक हिस्सा गिर गया। जब भवन का हिस्सा गिरा तब तक स्कूल की छुट्टी हो गई थी। जिसके कारण वहा कोई मौजूद नहीं था वरना कोई बड़ी घटना हो सकती थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूनम सिंह ने बताया कि छुट्टी होने पर बच्चे निकले ही थे कि अचानक जर्जर आंगनबाड़ी का आधा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। वहीं हाटा सीडीपीओ प्रत्यूष चंद्रा ने कहा कि उस भवन के ध्वस्तीकरण के लिए विभाग व मुख्य विकास अधिकारी को पत्र प्रेषित कर दिया गया है। इस संबंध में हाटा एसडीएम योगेश्वर सिंह ने बताया कि जर्जर भवन के एक हिस्से के गिरने का मामला संज्ञान में आया है। कोई अप्रिय घटना नही हुई है। जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण के लिए पत्र की जांच कराई जाएगी।