पडरौना शहर के तिलक चौक पर लटकता बिजली की जर्जर तार में लकड़ी बांधकर हो रही सप्लाई।
पडरौना। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य सड़कों के ऊपर से गुजरते तार काफी नीचे तक लटक गए हैं। ऐसे में बड़े वाहन इनके नीचे से गुजरते हैं, तो हादसे का खतरा रहता है। पिछले वित्तीय वर्ष में बिजली निगम की तरफ से लोगों को जर्जर तार और पोल सही कराने के लिए 226 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके बाद भी समस्याओं से लोगों को निजात नहीं मिली। निगम की यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। तारों की वजह से ऊंचे वाहनों को इन रास्तों से गुजरना खतरनाक साबित हो सकता है।
शहर क्षेत्र के बेलवा चुंगी, कसेरा टोली, तिलक चौक, धर्मशाला रोड, मेन बाजार, कॉलेज रोड पर कई बार ओवरलोड के कारण तार टूटकर सड़क पर गिर जाते हैं, इससे आने-जाने वालों पर खतरा बना रहता है। इन स्थानों पर आज भी बिजली के तार और केबल लटके हैं। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का है। गांव की मुख्य सड़कों के अलावा खेत के रास्ते गुजरे बिजली के हाईटेंशन तार काफी नीचे तक लटके पड़े हैं। इससे कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इन दिनों गन्ना किसान के खेत में गन्ना तैयार हो चुका है। खेतों से गुजर रहे बिजली के तार में यदि शॉर्ट सर्किट हुई तो खेत में तैयार गन्ने की फसल जल जाएगी, इससे किसानों का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। पडरौना चीनी मिल ने शुक्रवार को पेराई सत्र की शुरूआत कर दी। अब गन्ना लदे ट्रक और ट्राॅलियाें का आवागमन होगा। ऐसे में सड़क पर लटके बिजली के तार टूटे तो बढ़ा हादसा हो सकता है। वहीं शहर के बेलवा चुंगी, तिलक चौक, बलुचहां चुंगी, रामकोला रोड आदि स्थानों पर खुले में ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। ओवर लोड होने पर इसमें से चिंगारियां निकलती हैं, इससे लोगों में अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
- जिले में तार और पोल बदलने के लिए आरडीएसएस योजना के तहत 226 करोड़ रुपये की लागत से 663 सर्किट किमी एलटी तार और 11 हजार केवी में 193 सर्किट किमी तार और 63 केवी में 61 सर्किट किमी तार बदले गए हैं। उन्हीं के साथ 7954 पोल बदले गए है। इसके बाद लटकते केबल या तारों के नीचे गार्डिंग के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं। लाइनमैनों को तारों को ऊंचा करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रस्ताव में टेढ़े खंभों को दुरुस्त करने और नंगे बिजली के तार की जगह केबल लगाने की योजना है। शासन से प्रस्ताव पारित होते ही कार्य किया जाएगा।
- राकेश मोहन, एसी, कुशीनगर।
0000000