कप्तानगंज। देर शाम से सुबह तक कोहरे की चादर पांव पसार रही है। इससे गलन भरी ठंड बढ़ने के साथ आवागमन पर भी प्रभाव पड़ रहा है। बुधवार को कोहरे ने स्पेशल ट्रेनों के अलावा कई एक्सप्रेस और सुपर फास्ट ट्रेनों की गति धीमी कर दी। इससे ट्रेन अपने निर्धारित समय से पांच से सात घंटे विलंब से स्टेशन पर पहुंची। इन ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। उन्हें रेलवे स्टेशन पर घंटों बैठ कर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है।
कप्तानगंज रेलवे स्टेशन जंक्शन होने के कारण यहां से तीन रूट पर ट्रेनों का संचालन होता है। यहां से कुशीनगर के अलावा महराजगंज और नेपाल तक लोग ट्रेन पकड़ने आते हैं। इसके चलते कप्तानगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर हर समय यात्रियों की भीड़ रहती है। बुधवार को कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते आनंद विहार-सहरसा स्पेशल, अमृत भारत एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, विलंब से कप्तानगंज पहुंची। इसके अलावा सवारी गाड़ियां भी अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से पहुंची थीं। ट्रेनों के विलंब होने के चलते यात्री ठंड में काफी परेशान दिखे। स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आए दीनानाथ शुक्ला, अभिजीत कुमार सिंह, बब्लू सिंह, दिवाकर पांडेय, राहुल कुमार ने बताया कि ट्रेन विलंब के चलते यात्रा करना एक-एक मिनट भारी पड़ रहा है।
00000000
विलंब से पहुंची यह ट्रेन
- आनंद विहार-सहरसा स्पेशल अपने निर्धारित समय 20:45 बजे से सात घंटे विलंब से पहुंची।
- आनंद विहार से दरभंगा को जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय 5:18 बजे से 6.30 घंटे विलंब से पहुंची।
- नरकटियागंज-गोरखपुर सवारी गाड़ी अपने निर्धारित समय 3:00 बजे से 1.30 घंटे विलंब से पहुंची।
- आनंद विहार से मुजफ्फरपुर को जाने वाली सप्तक्रांति सुपर फास्ट ट्रेन अपने निर्धारित समय 4:38 बजे से 40 मिनट विलंब से पहुंची।
- आनंद विहार से रक्सौल को जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय 11:25 बजे से 1.30 घंटे विलंब से पहुंची।
- बांद्रा से बरौनी को जाने वाली अवध एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय 12:20 बजे से एक घंटे विलंब से पहुंची।
- थावे से गोरखपुर को जाने वाली सवारी गाड़ी अपने निर्धारित समय 11:25 बजे से 1.30 घंटे विलंब से पहुंची।