बुलडोजर पर चढ़े लोग। स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के नेतृत्व में निषाद पार्टी की बुधवार को कुशीनगर में आरक्षण पदयात्रा निकाली गई। एनएच-28 पर कुशीनगर से तमकुहीराज जाते समय पद यात्रा का स्वागत करने में नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया और अपना नंबर बढ़ाने के लिए स्वागत का खतरनाक तरीका अपनाया।
हाईवे के दोनों तरफ बुलडोजर लगाकर उस पर कार्यकर्ताओं को फूल माला लेकर चढ़ाया गया था। इस दौरान हाईवे के एक लेन से गुजर रहा ट्रक ने बुलडोजर में ठोकर मार दिया, इससे बुलडोजर पलट गया और सात लोग घायल हो गए। इसमें इलाज के दौरान शंभू निषाद की मौत हो गई। बुलडोजर के बढ़ते प्रचलन को देखते हुए नियम को दरकिनार का हाईवे पर ऐसा किया गया। पुलिस की मौजूदगी में हादसा होने से अफरातफरी मच गई। पुलिस इस मामले में शंभू की पत्नी कांति देवी की तहरीर पर ट्रक चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
उल्लास और उत्साह के माहौल में हाईवे के दोनों तरफ खड़े बुलडोजर में से एक बुलडोजर से गुजर रहा एक ट्रक से टकरा गया और बुलडोजर पलट गया। इसके कारण सात लोग घायल हो गए। इनमें से चार लोगों को गंभीर चोटें आई, जबकि तीन लोगों को हल्की चोटें आई। गंभीर रूप से घायल सेवरही थाना क्षेत्र के परसा उर्फ सिरिसिया निवासी शंभू निषाद (45) प्राथमिक इलाज के बाद गोरखपुर स्थित एक निजी रेफर कर दिया गया जहां देर शाम इलाज के दौरान शंभू की अस्पताल में मौत हो गई।
शंभू की मौत की सूचना के बाद लोग सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गए और घटना के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में सत्ताधारी गठबंधन से जुड़े कई नेता अपने राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने की आस में खासे सक्रिय हैं। शक्ति प्रदर्शन की होड़ में लगे नेता अपनी सर्वश्रेष्ठता साबित करने में लगे।
इसी का परिणाम रहा कि पुलिस की मौजूदगी में नियम विरुद्ध शक्ति प्रदर्शन हुआ और एक की जान चली गई। तमकुहीराज के सीओ राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक चालक आर्यन दीक्षित निवासी संसारपुर कोतवाली जिला मैनपुरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।