पडरौना। प्राइवेट बस यूनियन जटहां बाजार की तरफ से बृहस्पतिवार को एआरटीओ को मांग पत्र सौंपा गया। इसमें पडरौना शहर के जटहांरोड स्थित प्राइवेट बस स्टेशन से जटहां बाजार तक अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा का संचालन पर रोक लगाने की मांग की।
प्राइवेट बस यूनियन के महातम प्रसाद, विकास मद्धेशिया, सिंहासन, राजू कश्यप, राजेंद्र प्रसाद की तरफ से एआरटीओ डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता को दिए गए मांग पत्र में कहा कि पडरौना-जटहां बाजार मार्ग पर यूनियन की तरफ से प्राइवेट बसों का संचालन होता है। इसी मार्ग पर दर्जनों की संख्या में ई-रिक्शा चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से बस स्टेशन के आसपास सवारी भर कर पडरौना से जटहांबाजार तक करीब 20 किलोमीटर की दूरी तक यात्रियों को पहुंचाते हैं, जबकि ई-रिक्शा का संचालन शहर में होना चाहिए। ई-रिक्शा का संचालन इस मार्ग पर होने के चलते उनकी बस का खर्च जैसे डीजल, स्टाफ का वेतन और बस का टैक्स व बीमा का खर्च वहन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने इसको गंभीरता से लेते हुए अवैध रूप से संचालित इन रिक्शा चालकों पर कार्रवाई करने की मांग की। संवाद