कप्तानगंज-थावे रूट पर स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
लोग बोले-गोरक्षनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले में जाने में होती है परेशानी
तमकुहीरोड(कुशीनगर)। गोरखपुर के गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में एक माह तक चलने वाला खिचड़ी मेला 14 जनवरी से शुरू होने वाला है। रेलवे ने सभी रूटों पर स्पेशल मेला ट्रेन चलाने की घोषणा कर दी है, लेकिन कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग पर स्पेशल ट्रेन संचालन की मंजूरी नहीं मिली है। क्षेत्र के लोगों ने इस रेल मार्ग पर भी स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सिवान, थावे, गोपालगंज, हथुआ, सासामूसा, जलालपुर, तमकुहीरोड, दुदही, कठकुइयां, पडरौना, रामकोला आदि स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोरक्षनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने जाते हैं। कप्तानगंज-थावे रूट पर आधी रात से सुबह नौ बजे तक गोरखपुर जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं है। ऐसे में इस रूट के श्रद्धालुओं को खिचड़ी चढ़ाने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
यातायात के संसाधन के अभाव में श्रद्धालु बाबा गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाने से वंचित हो सकते हैं। इसे देखते हुए सेवरही क्षेत्र के शिवाकांत पांडेय, लव जायसवाल, रमेश ब्याहुत, राकेश मद्धेशिया, राहुल सोनी, संजय सिंह, बैजनाथ मद्धेशिया, गणेश सोनी, ब्यास कुशवाहा आदि ने खिचड़ी मेला को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे से कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर स्पेशल मेला ट्रेन चलाने की मांग की है।