पकवा इनार (कुशीनगर)। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल कुशीनगर को रेल मार्ग से जोड़ने व जटहां में रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए सांसद विजय कुमार दूबे ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को बीते बुधवार को मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा।
उन्होंने इसके पूर्व में लिखे गए मुख्यमंत्री व अपने पत्रों से भी अवगत कराया है। रेल मंत्री से दोनों लंबित परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए मांग की है। इसको लेकर मंत्री ने भी गंभीरता से लेते हुए ईडीपीजी को जिम्मेदारी सौंपी है।
महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर बौद्ध तीर्थ स्थलों में प्रमुख हैं। यहां देश विदेश के बौद्ध भिक्षुओं, पर्यटकों व सैलानियों की आवक होती रहती है। वर्तमान में कुशीनगर सिर्फ सड़क मार्ग से जुड़ा है। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनकर तैयार है, लेकिन उड़ान का इंतजार कर रहा है। कुशीनगर अभी तक रेलवे ट्रैक से जुड़ नहीं सका है। सांसद विजय कुमार दुबे ने रेल मंत्री को दिए मांगपत्र में कहा है कि बुद्धिस्ट सर्किट का कुशीनगर रेल से जुड़कर पर्यटन में ऊंचाई छूएगा।
केंद्रीय रेल मंत्री को सांसद ने 30 जनवरी 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल को लिखे पत्र को भी दिया गया है। इसमें कुशीनगर को गोरखपुर के सरदार नगर से कुशीनगर जोड़ने व पडरौना इस मार्ग पर पड़ने वाले रेलवे स्टेशन जैसे बंचरा, करमहां, हेतिमपुर, कुशीनगर, पडरौना का उल्लेख है।