तमकुहीरोड। बांसी नदी के गोलाघाट में बने पीपा के पुल का एक किनारे पर बना एप्रोच करीब छह मीटर बीते दो माह से क्षतिग्रस्त पड़ा है। इससे इस रास्ते से लोगों का आवागमन बंद है। गांव के लोग नाव से नदी पार करते हैं। नाराज गांव के लोगों ने क्षतिग्रस्त पुल को ठीक कराने की मांग की है।
क्षेत्र के पिपराघाट एहतमाली गांव के गोलाघाट में बांसी नदी पर लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पीपा के पुल का निर्माण कराया गया है। इससे क्षेत्र के राजपुर बगहा, राजपुर खाश, गोलाघाट, जोगनी, इमिलिया टोला, तीनटोलिया, बुटन टोला, प्रभुनाथ चौराहा, मोतीराय टोला, बेनिया पिपरा, नौका टोला, नरवा जोत सहित कई गांव के लोग आवागमन करते हैं।
यह पीपा का पुल बीते करीब दो माह से जोगनी गांव के सामने बना एप्रोच करीब छह मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते पीपा पुल से लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद है। मजबूरन लोग नाव के सहारे यात्रा पूरी करते हैं। क्षेत्र के राजकिशोर निरंकारी, यमुना सिंह, सरल शर्मा, कमल निषाद, आदित्य यादव, ध्रुव निषाद आदि ने कहा कि हर साल अक्तूबर में इस पुल को खोल कर दोबारा जोड़ दिया जाता था लेकिन इस साल कृषि का सीजन शुरू होने के बाद भी अभी तक न तो पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई गई और न ही उसे खोलकर पुनः चालू किया गया है।
इसके चलते लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। इस संबंध में एसडीएम आकांक्षा मिश्रा का कहना कि इसके लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है। जल्द क्षतिग्रस्त पीपा पुल की मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।