पडरौना। कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता व तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू ने अपने समर्थकों के साथ बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सेवरही क्षेत्र के जवही दयाल गांव के चैनपट्टी टोला के पास बड़ी गंडक पर पीपा पुल बनवाने की मांग की है।
डीएम आंद्रा वामसी को दिए गए ज्ञापन में विधायक ने कहा कि सेवरही क्षेत्र के जवहीदयाल गांव के चैनपट्टी घाट के पास बड़ी गंडक नदी पर अब तक पक्के पुल का निर्माण नहीं हो सका है। इस वजह से क्षेत्र के करीब 40 गांवों के लोग आज भी नाव से ही नदी को पार कर अपनी खेती समेत अन्य जरूरी कार्य करते हैं। नाव से नदी पार करते समय कई बार हादसे हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अभी बीते 25 दिसंबर को नदी के उस पार खेतों में कार्य करके बड़ी नाव से लौट रहे करीब 350 किसान बीच नदी में ही फंस गए थे। उन्हें बचाने के लिए देर रात तक बचाव कार्य किया गया, तब जाकर इन किसानों को सही सलामत बचाया जा सका। इस घाट पर पीपे का पुल निर्माण कराने के लिए कई बार लिखित व मौखिक रूप से जिम्मेदारों को सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इस घाट पर शीघ्र पीपा पुल का निर्माण करने की मांग करते हुए इसका प्रस्ताव बनाकर संबंधित विभाग को अवगत कराने की मांग की।