गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव बरवा बभनौली के रामनगर टोला में होली के दिन प्रधान प्रतिनिधि और एक युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। लोगों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर पहुंचाया। सूचना पर आई पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने चली गई। घटना के बाद गांव में तनाव है।
परिजनों ने बताया कि रामनगर टोला निवासी भोला ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि वीरेंद्र और उपेंद्र (22) को घर पर भोजन के लिए बुलाया था। आरोप है कि शाम करीब पांच बजे भोजन करने के दौरान राशन कार्ड के विवाद में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और साथ गए युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल काॅलेज कुशीनगर भेजा गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर दिया। वहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद गांव में पुलिस की मौजूदगी नहीं दिखी, जिससे लोगों में डर और तनाव बना हुआ है। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।