कुशीनगर में हंगामा करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर जिले में तमकुहीराज कस्बे के एनएच स्थित तहसील गेट के समीप के निजी अस्पताल मे इलाज के दौरान प्रसूता (महिला) की मौत हो गई। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला को गंभीर बता गोरखपुर निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने महिला को मृत बता दिया।
इससे नाराज परिजनों ने मृत प्रसूता के शव को लेकर वापस कस्बे के निजी अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। उन्होंने लापरवाहीपूर्वक इलाज का आरोप लगाया। निजी अस्पताल संचालक और सहयोगी स्टॉफ मौके से गायब हो गए। जानकारी के बाद पहुंची तमकुहीराज पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि तरयासुजान थाना क्षेत्र के ओझवलिया निवासी मिट्ठू पटेल की पत्नी सपना देवी (22) को बुधवार रात करीब आठ बजे प्रसव पीड़ा के बाद परिजन तमकुहीराज कस्बे के एनएच स्थित तहसील गेट के समीप निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। देर रात करीब 11 बजे प्रसूता सपना देवी को सामान्य प्रसव से बेटी का जन्म हुआ।
प्रसूता महिला का इलाज निजी अस्पताल में जारी रहा। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे प्रसूता की तबियत बिगड़ी। मौके पर मौजूद डॉक्टर ने इलाज शुरु किया लेकिन प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मौत की जानकारी दिए बगैर प्रसूता को गंभीर बताकर गोरखपुर रेफर कर दिया गया।