तुर्कपट्टी। सूर्यमंदिर रोड पर स्थित घर के कमरे में युवक का शव मिलने से बाजार में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, युवक कुछ दिनों से बीमार था। महुअवा बुजुर्ग गांव निवासी किरिश गुप्ता परिवार सहित तुर्कपट्टी बाजार में रहते हैं। रविवार दोपहर करीब तीन बजे उनके तीन पुत्रों में छोटा पुत्र 25 वर्षीय खूबलाल अपने किराए के मकान में सोया था। मकान में ही किराए पर कमरा लिए दूसरा दुकानदार कुछ सामान लेने गया तो अचेत पड़े खूबलाल को देखकर शोर मचाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने निजी चिकित्सक को बुलाया और जांच कराई। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि खूबलाल काफी समय बीमार रहता था। रविवार की सुबह ही उसका इलाज कराया गया था। फिर वह कमरे में सोया तो सोया ही रह गया। सूचना पर तुर्कपट्टी पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस गई थी। युवक के काफी दिनों से बीमार होने की बात सामने आई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। संवाद