मंसाछापर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बलकुड़िया गांव में शनिवार की सुबह गांव के बाहर नहर किनारे बगीचे में एक युवक का शव लीची के पेड़ में फंदे से लटकता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव वालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। युवक मजदूरी करता था। बलकुड़िया गांव निवासी केश्वर चौहान का 25 वर्षीय छोटा बेटा श्यामसुंदर शनिवार की सुबह करीब पांच घर से निकला था।
सुबह करीब आठ बजे खेत में काम करने गए लोगों ने देखा कि श्यामसुंदर का शव लीची के पेड़ से लटक रहा है। शोर मचाने पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपनी मौजूदगी में फंदे से नीचे उतरवाया। पिता केश्वर चौहान ने बताया कि श्यामसुंदर की मानसिक हालत कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। वह अक्सर अचानक घर से निकल जाता था और देर रात तक लौटता था।