मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तीन दिन पूर्व एक निजी विद्यालय के शिक्षक ने कक्षा आठवीं के छात्र के साथ गन्ने के खेत में दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित के परिजनों के साथ गांव के लोगों ने स्कूल गेट पर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कुकर्म, एसीएसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव के एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाला 12 वर्षीय अनुसूचित जाति का छात्र बुधवार की शाम करीब चार बजे शिक्षक के साथ गांव के बगल में नहर के पास गन्ने के खेत में गया था। आरोप है कि शिक्षक ने बहला-फुसलाकर छात्र के साथ दुष्कर्म किया। छात्र के विरोध करने पर आरोपी शिक्षक ने उसका गला भी दबाया। पीड़ित के पिता ने बताया कि बालक जब घर लौटा तो वह मायूस था। ्भोजन करने से इंकार कर रहा था।
कई बार पूछने पर भी उसने कुछ नहीं बताया। बृहस्पतिवार की शाम उसने अपने साथी छात्र को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार को मामले की जानकारी हुई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। घटना की जानकारी होने पर नाराज गांव के लोगों ने परिजनों के साथ शनिवार की सुबह विद्यालय के गेट पर विरोध प्रदर्शन किया।
इसमें लोगों ने विद्यालय की मान्यता की जांच कर उसे रद्द करने और संबंधित विभागीय अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा लोगों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में एसआई आकाश गिरी ने बताया कि आरोपी शिक्षक अशोक के खिलाफ कुकर्म, एससी एसटी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी शिक्षक की तलाश में जुटी है।