रहसू बाजार/जौरा बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के जोकवा-सोनवरसा मार्ग पर पेट्रोल पंप से 50 मीटर की दूरी पर स्थित गाड़ी धुलाई सेंटर के टिनशेड में बुधवार सुबह युवक का शव मिला।
राहगीर ने आसपास के लोगों को सूचना दी। लोगों ने युवक की पहचान पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव धनहा निवासी राजू प्रसाद पुत्र हीरामन प्रसाद के रूप में की। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। राजू के मुंह और नाक से खून निकला था और गले पर सूजन थी। वह बचपन से ही मूक-बधिर था।
उसके माता-पिता भी मूक-बधिर हैं। एक छोटी बहन है जो बोलती है। धनहा व जौरा बाजार के लोगों का कहना था कि राजू अक्सर बाजार में घूमता रहता था। वह अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगलवार शाम चार बजे उसको दो युवकों के साथ बाजार में बाइक पर देखा गया था। देर रात राजू घर नहीं पहुंचा तो घर वालों ने उसकी तलाश की, पर नहीं मिला।
बुधवार की सुबह जोकवा-सोनवरसा मार्ग पर राजू प्रसाद का शव पड़ा मिला। बेटे का शव देखकर राजू की मां अचेत हो गई। मां-बाप ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है।
एसएचओ विद्याधर कुशवाहा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। जांच की जा रही है जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। धनहा गांव के कुछ लोगों का कहना था कि गूंगा होने के चलते कुछ लोग राजू से गलत काम भी करवाते थे। राजू की हत्या में उन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है।