खर्डा। बोधीछपरा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बुधवार को रोमांचक खेल देखने को मिला। दर्शकों की भीड़ और खिलाड़ियों के उत्साह के बीच खेले गए मैचों में दरगौली टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
पहले मुकाबले में दरगौली की टीम ने जोकहियां के खिलाफ निर्धारित ओवरों में 108 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जोकहियां की टीम दबाव में नजर आई और 95 रन ही बना सकी। इस प्रकार दरगौली ने 13 रन से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में दरगौली का सामना गुरली टीम से हुआ। इस मैच में भी दरगौली के खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और सधी गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 104 रन का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में गुरली की टीम संघर्ष के बावजूद 90 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। लगातार दूसरी जीत के साथ दरगौली ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में दमदार एंट्री कर ली। मैच के दौरान चौके-छक्कों और शानदार गेंदबाजी पर दर्शकों ने जमकर उत्साहवर्धन किया। पूरे मैदान में रोमांचक माहौल बना रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। आयोजन समिति में अध्यक्ष गोपाल साहनी, उपाध्यक्ष राजन कुशवाहा, सुनील कुशवाहा सहित राज, पवन, सदाबहार, सतीश, विपिन, सन्नी, अरबाज, गोलू और गोविंद सक्रिय रूप से व्यवस्था संभालते नजर आए। टूर्नामेंट अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है और सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है।