युवक के खाते से निकाले 24,995 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
समउर बाजार। बैंक खाते में मोबाइल नंबर लिंक कराने के बहाने साइबर ठगों ने युवक के खाते से पांच बार में 24,995 रुपये की निकासी कर ली। पटहेरवा थाना में तहरीर देकर पीड़ित ने कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के गांव महुअवा निवासी अमित कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनका बैंक खाता पिपरा कनक स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। 20 जून को उन्होंने अपने बैंक अकाउंट से मोबाइल नंबर लिंक कराने के लिए आवेदन किया था। 23 जून को एक अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया जिससे अमित कुमार झांसे में आ गए। उन्होंने अपनी पूरी जानकारी साइबर ठग को दे दी। बाद में मालूम हुआ कि खाते से पांच बार में ठगों ने कुल 24,995 रुपये निकाल लिए। शुक्रवार को अमित पहले बैंक गए। अपने अकाउंट को बंदकर वह थाने पहुंचे। थाना प्रभारी पटहेरवा अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर छानबीन की जा रही है।