रामलीला मैदानों और रावण दहन स्थलों के आसपास सज रहे बाजार
पडरौना। दशहरा त्योहार के आयोजनों के तहत शहर से लेकर कस्बों तक बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। रामलीला मैदानों और रावण दहन स्थलों के आसपास खिलौनों, मिठाइयों, चाट-पकौड़ी और अन्य खानपान की दुकानें सजने लगी हैं। मेले में पहुंचने वाले बच्चों से लेकर बड़ों तक में खरीदारी को लेकर उत्साह दिख रहा है।
दशहरा मेले में इस बार भी अस्थायी दुकानों की रौनक देखने को मिलेगी। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए सामान जुटाया है। खिलौनों की दुकानों पर पारंपरिक वस्तुओं के साथ आधुनिक डिजाइन के खिलौने भी सजाए गए हैं। वहीं, खानपान के स्टॉल पर भीड़ जुटने की उम्मीद में कारोबारी तैयारियों में लगे हैं। मेले में बच्चों के लिए खिलौनों की दुकानें खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
रंग-बिरंगी सीटी, गुब्बारे, मुखौटे, प्लास्टिक के खिलौने और आकर्षक सजावटी सामान बच्चों को लुभाएंगे। दशहरा मेले को कारोबारियों के लिए भी बेहतर बिक्री का अवसर माना जाता है। अस्थायी दुकानें लगाने वाले व्यापारी त्योहार के दौरान ग्राहकों की भीड़ और अच्छी बिक्री की उम्मीद में सामान जुटाए हैं। मेले में बच्चों के खिलौनों से लेकर घरेलू उपयोग की छोटी वस्तुओं तक की दुकानें लोगों को आकर्षित करेंगी।
शहर के राजेश जायसवाल, बंटी गुप्ता, दीपक गुप्ता आदि खिलौना व्यापारी ने बताया कि छोटे लड़के भगवान श्रीराम और हनुमान के मुखौटों की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा नारंगी रंग के गुब्बारे अधिक बिक रहे हैं। मांग को देखते हुए करीब 15 दिन पहले ही स्टॉक मंगा लिए गए थे। थोक में लेने वाले ग्राहकों को छूट समेत अन्य ऑफर भी दिए जा रहे हैं।