कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली बाजार स्थित यूपी बड़ौदा बैंक की शाखा से उचक्के ने एक किसान को झांसा देकर जमा पर्ची भरने के बहाने 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज के सहारे उचक्कों के बारे में जांच-पड़ताल की।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के गांव जगदीशपुर के टोला बउरहवा के रहने वाले किसान रामजीत चौहान ने अपनी भैंस को 30 हजार रुपये में बेचा था। उस रुपये को लेकर वह सुकरौली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पहुंचे और अपने खाते से 10 हजार रुपये निकले। फिर दोनों रुपये लेकर वहां सुकरौली के यूपी बड़ौदा बैंक के अपने खाते में जमा करने के लिए गए।
वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने जमा पर्ची भरने में मदद करने की बात कही और पर्ची में नोटों का विवरण भरने के लिए नोट लेकर गिनने लगे। इसी दौरान दोनों ने असली नोटों को कागज की गड्डी के साथ बदल दिया और वहां से भाग गए। जब रामजीत ने रुपये जमा करने के लिए बंडल खोला तो उसमें केवल कागज की गड्डी थी, जो नोट के साइज की कटी हुई थी। किसान के शोर करने पर लोगों को उसके साथ हुई घटना की जानकारी मिली।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि बैंक के ग्राहक के साथ घटना हुई है। पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे उच्क्कों की तलाश कर रही है।