टेकुआटार। रामकोला थाना क्षेत्र के रामकोला-कसया मार्ग पर टेकुआटार डीह टोला के पास शुक्रवार की सुबह दो बाइकों की आमने सामने से टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय एक युवक की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे रामकोला थाना क्षेत्र के गांव सिधावे निवासी सिद्धार्थ सिंह अपने रिश्तेदार सत्यपाल सिंह निवासी ग्राम सिकटा बड़गांव थाना कुबेरस्थान के साथ बाजार करने टेकुआटार आए थे। इस बीच रामकोला की तरफ से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। बाइक सवार सिद्धार्थ और सत्यपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के दुकानदारों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला भेजा गया। दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दोनों को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर जाते समय रास्ते में सत्यपाल सिंह (18) की मौत हो गई। वही सिद्घार्थ का गोरखपुर मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी रामकोला डॉक्टर रजनीश श्रीवास्तव ने कहा कि दो घायल युवक आए थे, उनकी हालत नाजुक थी। दोनों को मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।