पिपरा बाजार। पडरौना कोतवाली के गांव खड्डा बुजुर्ग में सोमवार की रात 45 वर्षीया विधवा महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह महिला का शव बिस्तर में खून से लथपथ देखकर उसकी लड़की ने शोर मचाया। लड़की ने गांव के ही पिता-पुत्र पर आरोप लगाया, जिस पर कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला अवैध संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है।
खड्डा बुजुर्ग गांव निवासी 45 वर्षीया जानकी सोमवार की रात अपने घर के बरामदे में और उसकी बेटी ज्योति (18) अंदर के कमरे में सो रही थी। मंगलवार की सुबह ज्योति का कमरा बाहर से बंद था। किसी प्रकार से वह बाहर निकली और मां को जगाने पहुंची तो वहां महिला का खून से लथपथ शव मिला। जानकी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। ज्योति की चीख सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे तो वहां की स्थिति देख सन्न रह गए। हत्या की जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
इस दौरान ज्योति ने गांव के दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राय साहब यादव के अनुसार इस मामले में आरोपी रामप्रवेश और उसके पुत्र राजकुमार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल के अनुसार हत्या के पीछे अवैध संबंध की बात सामने आ रही है। पुलिस कई अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन कर रही है।