विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही गांव के बड़हरा टोला में शनिवार रात चोरों ने एक घर में घुसकर नकदी, जेवर के साथ ही परिवार के अरमान भी चुरा लिए। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बड़हरा टोला निवासी शुकुल सिंह के परिवार के लोग शनिवार रात में भोजन के बाद छत पर सोने चले गए थे। रविवार को सुबह घर की महिलाएं नीचे आईं तो कमरे का ताला टूटा मिला। कमरे में जाने पर पता चला कि बाक्स और पेटियां टूटी पड़ी थीं। परिवार के लोगों ने बताया कि पेटी में विवाह के लिए रखे गए 3.25 लाख रुपये नकद, आभूषण और कीमती कपड़े चोर चुरा ले गए हैं।
शुकुल सिंह के अनुसार उन्होंने अपनी जमीन बेंचकर बेटी की शादी के लिए रुपये रखे थे। उन्होंने थाने में तहरीर दे दी है। इस संबंध में एसओ ओपी राय का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कैसे होगी बिटिया की शादी ः खेत बेचकर बिटिया की शादी करने के लिए शुकुल सिंह ने रकम के साथ ही जेवर और महंगे कपड़े जुटाए थे। लेकिन शनिवार रात हुई चोरी में के बार सारे अरमान चिंता में बदल गए। अब उन्हें समझ में नहीं आ रहा रहा है कि जुलाई में बेटी के हाथ कैसे पीले करेंगे। दुदही गांव के टोला बड़हरा निवासी शुकुल की जिंदगी बेहद आर्थिक तंगी में गुजर रही है। इसके बावजूद वह नहीं चाहते थे कि 13 जुलाई को बेटी की शादी में कोई कमी रह जाए। इसके लिए उन्होंने सात लाख रुपये में खेत बेच दिया। इसमें से करीब साढ़े तीन लाख में गहने, कपड़े आदि खरीद लिए और शेष रकम शादी की अन्य जरूरतों के लिए रख ली।