कसया में जैन धर्मकांटा के सामने सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ।
- फोटो : अमर उजाला
कसया। थाना क्षेत्र में एनएच पर स्थित जैन धर्मकांटा के पास सोमवार की शाम एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकरराई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों का सीएससी में इलाज चल रहा है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव दुदही गौरहवा निवासी मोतीलाल (60) पुत्र मुखलाल व पडरौना के जौरहवा बाजार निवासी शिवराज (58) पुत्र भिखारी लड़की की शादी के सिलसिले में कार से मल्लूडीह आए हुए थे। साथ में नंदलाल, सुरेंद्र, भरत, रामनाथ व शौखीलाल भी थे। बातचीत के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे वे कार से ही हेतिमपुर के लिए निकले। वहां उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना था। जैसे ही वे कसया में जैन धर्मकांटा के निकट पहुंचे, उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतना जोरदार था कि मोतीलाल और शिवराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को कार से निकाल कर सीएसची कसया पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर एसओ गजेंद्र राय मयफोर्स मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।