कम रेट पर ईंट दिलाने का झांसा देकर साथ ले गए तीन लोगों ने उससे 1.45 लाख रुपया छीनने का तहरीर रामकोला पुलिस को देते पटखौली निवासी मिश्री।
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला। थानाक्षेत्र के पिपरा खुर्द टोला पटखौली निवासी एक बुजुर्ग को कम रेट पर ईंट दिलाने का झांसा देकर साथ ले गए तीन लोगों ने उससे 1.45 लाख रुपया छीन लिया। बाद में आरोपियों ने गांव के बाहर लाकर छोड़ दिया।
गांव के लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर रामकोला पुलिस के हवाले कर दिया। पटखौली निवासी मिश्री ने मकान बनवाने के लिए पैसा जुटा रखा था। बृहस्पतिवार को उसे सस्ते दर पर ईंट दिलवाने का झांसा देकर तीन लोग चार पहिया वाहन में बैठाकर लक्ष्मीगंज बाजार ले गए
मिश्री के अनुसार वहां उसे कोल्डड्रिंक पिलाया गया जिसके बाद वह बेसुध हो गया। जेब में रखा 1.45 लाख रुपया छीनने के बाद तीनों लोग उसे शाम को गांव के पास लाकर छोड़ दिए।
गांव के लोगों ने देखा तो घेरकर उनमें से एक व्यक्ति को पकड़ लिया। मौके पर पहुंचे घरवाले बेसुध मिश्री को इलाज के लिए लेकर रामकोला सीएचसी पहुंचे। तबियत ठीक पर शुक्रवार को मिश्री ने रामकोला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। इस संबंध में रामकोला थाने के एसआई नरेंद्र सिंह ने कहा तहरीर मिल गई है। जांच कर केस दर्ज किया जाएगा।