सड़क हादसे में हुई दिलीप की मौत पर रोते परिवारवाले।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। नेपाल कमाने गए खड्डा क्षेत्र के फटकदौना गांव के हीरा छपरा टोले के एक युवक की मौत हो गई। वह नेपाल में ही बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया था। तभी से उसका इलाज चल रहा था। रविवार की देर रात युवक का शव घर लाया गया।
सोमवार को उसका दाह संस्कार कर दिया गया। फटकदौना गांव के हीरा छपरा टोले के रहने वाले सिंहासन के 23 वर्षीय बेटा दिलीप नेपाल के रूपनदेही जिले में निर्माणाधीन फैक्ट्री में काम करने के लिए अपने गांव के कुछ युवकों के साथ 26 मार्च को गए थे।
घर पर उनके माता-पिता के साथ पत्नी संजू और छह माह का बेटा था। 24 अप्रैल को नेपाल में सड़क पार करते समय एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिससे दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उन्हें भैरहवा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उनका इलाज चल रहा था। रविवार को उनकी मौत हो गई। रविवार को शव लाया गया तो उनके परिवारवाले शव से लिपटकर रो पड़े।