दुदही। कुश्ाीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही बाजार स्थित एक हार्डवेयर की दुकान से मंगलवार की रात में 40 हजार रुपये नकद व चांदी के सात सिक्के चोरी हो गए। सुबह दुकानदार को इसकी जानकारी हुई। दुकानदार ने विशुनपुरा पुलिस को वारदात की जानकारी दी है।
पडरौन मडुरही जिरात निवासी विशुनी कुशवाहा ने दुदही बाजार में केन यूनियन के बगल में स्थित एक मकान में हार्डवेयर की दुकान खोल रखी है। बुधवार की सुबह विशुनी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। कैश काउंटर तोड़कर उसमें रखे 40 हजार रुपये नकद व सात चांदी के सिक्के भी चुरा लिए गए थे। अभी सोमवार की रात ही पांच दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। अब हार्डवेयर की दुकान में चोरी से अन्य दुकानदार भयभीत हो गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस घटनाओं का खुलासा करने में विफल है। रात को गश्त में भी लापरवाही बरती जाती है, जिससे चोर आराम से घटनाओं को अंजाम देकर निकल जा रहे हैं।
इस संबंध में एसओ कृष्ण कुमार ने बताया कि हार्डवेयर की दुकान में चोरी की सूचना है। मामले की जांच कराई जा रही है। चोरों को जल्दी पकड़ने के लिए प्रयास हो रहा है।