पडरौना।
सोमवार को पुलिस लाइंस में चोरी की दो बड़ी घटनाओं का पर्दाफाश किया गया। तमकुहीराज क्षेत्र में हुई 80 हजार रुपये की चोरी के मामले में एक ट्रैवेल एजेंट के पुत्र को गिरफ्तार कर चोरी के रुपये बरामद करने का दावा किया गया है। इसके अलावा पडरौना कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर चार गाड़ियां बरामद करने का दावा किया है।
एसपी यमुना प्रसाद ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि तरयासुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी रफीक बीते छह मई को तमकुहीराज की एसबीआई शाखा से 80 हजार रुपये नकद निकालकर एक ट्रैवेल एजेंसी पर पहुंचा था। विदेश जाने के लिए उसे एयर टिकट लेना था, रुपये उसने झोले में रखा था। वहां कुछ देर होने पर वह एक दुकान में बैठकर जलपान करने लगा था, इसी दौरान रुपयों वाला झोला चोरी हो गया था। एसपी के निर्देश पर ही इस मामले की छानबीन चल रही थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद संदेह के आधार पर ट्रैवेल एजेंसी संचालक के पुत्र से पूछताछ की तो उसने रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इमरान नाम के इस युवक से चोरी गए रुपये भी बरामद करने का दावा किया है।
इसके अलावा पडरौना कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को बाइक चोरी के आरोप में पकड़ा है। एसपी के अनुसार शहर के अंबे चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान दो युवक पकड़े गए। पूछताछ में एक ने अपना नाम पडरौना नगर के साहबगंज मुहल्ला निवासी इमरान और दूसरे ने ओंकार वाटिका कालोनी निवासी रितेश शर्मा बताया। इनके पास से चोरी की चार गाड़ियां भी बरामद हुईं हैं। इस दौरान पडरौना कोतवाल राय साहब यादव, एसआई अमित कुमार शुक्ल, कन्हैया यादव, कांस्टेबल विनय कुमार, राजेश कुमार, ज्ञान प्रकाश, शशिकेष स्वामी, तरयासुजान थाने के एसओ निर्भय कुमार सिंह, एसआई महेंद्र यादव, कांस्टेबल रामनरेश यादव, सत्यनरायन राय, शैलेंद्र पटेल, रविंद्र सिंह, विपिन कुमार सिंह आदि मौजूद थे।