जटहां बाजार। पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए सोमवार की सुबह सोनवल गांव के लोगों ने पडरौना-जटहां बाजार मार्ग जाम कर दिया। नाराज लोगों ने थाने के एक एसआई का पुतला जलाया। मामला दो वर्गों से जुड़ा होने के कारण तनाव बढ़ने लगा। जानकारी होते ही एसडीएम और सीओ फोर्स लेकर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। सड़क जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
जटहां बाजार थाना क्षेत्र के सोनवल गांव में मस्जिद और देवी स्थान आमने-सामने है। सोमवार की सुबह देेेेवी स्थान के जीर्णोद्घार और चबूतरे पर लोहे का ग्रिल लगाने का कार्य शुरू हुआ। दूसरे वर्ग के लोगों ने इस पर एतराज जताते हुए जटहां बाजार पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसआई जितेंद्र राय ने कार्य रोक दिया। आरोप है कि देवी स्थान पर लगाने के लिए रखे गए ग्रिल को एसआई ने पैर से नीचे गिरा दिया। गांव के लोग इस पर भड़क गए और सुबह आठ बजे पडरौना-जटहां मुख्य मार्ग को जाम कर धरने पर बैठ गए। नाराज लोगों ने एसआई जितेंद्र राय का पुतला जलाकर विरोध किया। एसओ जटहां बाजार करीब दो घंटा बाद मौके पर पहुंचे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव रंजन, सीओ सदर शशिशेखर सिंह, तहसीलदार नरेश चंद्र, कोतवाल पडरौना राय साहब यादव, महिला एसओ विभा पांडेय ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। इसके बाद प्रशासनिक अमला गांव में पहुंचा और दोनों वर्ग के लोगों के साथ बैठक हुई। बैठक में हियुवा नेता राजन जायसवाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्र, श्याम मुरली मनोहर मिश्र, ग्राम प्रधान महातम यादव, पूर्व प्रधान मोबिन अंसारी, डॉ आशिक अली, हबीबुल्लाह अंसारी आदि मौजूद थे। दोनों पक्षों और प्रशासनिक अमला के बीच चली लंबी वार्ता के बाद सहमति बनी कि देवी स्थान पर 10 दिन बाद चार टायल्स देवी-देवताओं के चित्र वाले और अन्य सादे लगेंगे। ग्रिल और दरवाजा सहित फर्श भी बनेगी।