कसया। नगर के पुरानी फाजिलनगर रोड पर दिनदहाड़े एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की छिनैती हो गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कसया पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखा तथा मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार की दोपहर लगभग दो बजे सपहां मार्ग स्थित बैंक आफ बड़ौदा की शाखा से पट हेरवा थाना क्षेत्र के गांव विशनपुरा के टोला मतलूक छापर निवासी हैदर अली (45) एक लाख रुपये निकालकर पुराना फाजिलनगर मार्ग स्थित गोला तिराहे पर पहुंचे। वहां से फाजिलनगर जाने के लिए एक टैंपो में बैठ गए। हैदर अली के अनुसार बाइक सवार दो युवकों ने इस टेंपो को सरस्वती शिशु मंदिर के निकट ओवरटेक किया और बगल में बैठे हैदर से रुपये वाला झोला छीनकर फरार हो गए। घटना से हतप्रभ हैदर ने शोर मचाया तब तक आरोपी तेजी से भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने कसया थाने पहुंचकर घटना की लिखित जानकारी दी। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने घटना स्थल तथा बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के सीसीटीवी फुटेज को देखा।
इस संबंध में एसओ विनय कुमार पाठक का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। केस दर्ज कर जल्दी ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।