दुदही। बरवापट्टी थाना क्षेत्र की ग्राम सभा अमवाखास के कान्ही टोला में शनिवार को भतीजे ने सगे चाचा पर गड़ासे से प्रहार कर दिया। घायल व्यक्ति को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए दुदही सीएचसी ले जाया गया। वहां के डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी हालत नाजुक बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात कही जा रही है।
कान्हीं टोला निवासी शम्भू गोंड (40) पुत्र फत्ते गोंड शनिवार को दिन के करीब 11 बजे अपने दरवाजे पर ही बैठकर दाढ़ी बनवा रहे थे। लोगों के अनुसार इसी दौरान उनका भतीजा वहां पहुंचा और गड़ासे से गर्दन पर प्रहार कर दिया। गर्दन का आधा हिस्सा कट जाने की वजह से शम्भू जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। मौका पाकर आरोपी भतीजा वहां से भाग निकला। घर और गांव के लोग शम्भू को इलाज के लिए लेकर दुदही सीएचसी पहुंचे। यहां से डॉक्टर ने तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी हालत नाजुक बताते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में एसओ बरवापट्टी अनिल कुमार का कहना कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष के लोग अभी इलाज कराने गए हैं। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।