इस्लामनगर क्षेत्र में किशोरी से गैंगरेप का मामला
स्लाइड बनाने के साथ लखनऊ लैब से होगी जांच
पीड़ित किशोरी और आरोपी दिनेश का होगा डीएनए टेस्ट
थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा आठ की छात्रा के साथ हुए गैंगरेप के मामले में चौंका देने वाला खुलासा हुआ है। किशोरी के मेडिकल की प्राइमरी रिपोर्ट में उसके साथ जोर जबरदस्ती की पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल रिपोर्ट थाना पुलिस को मिल गई है। पुलिस पकड़े गए आरोपी युवक दिनेश और पीड़ित किशोरी का डीएनए टेस्ट कराएगी। साथ ही किशोरी के मेडिकल की स्लाइड बनाने के साथ ही उसकी जांच लखनऊ स्थित फॉरेसिंक लैब में कराई जाएगी।
रक्षाबंधन वाले दिन दोपहर को 14 वर्षीय किशोरी ने चेहरे पर नकाब लगाए तीन लोगों द्वारा गैंगरेप करने की बात कही थी। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज करने के बाद उसी गांव के एक आरोपी दिनेश यादव को पकड़ लिया था। साथ ही किशोरी का मेडिकल महिला जिला अस्पताल में कराया था। इसकी रिपोर्ट शनिवार को थाना पुलिस को दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक किशोरी के साथ प्राथमिक जांच में जोर जबरदस्ती होने की पुष्टि नहीं हुई है। उसके शरीर पर खरोंच के निशान भी नहीं मिले हैं। इस पर डॉक्टरों ने स्लाइड बनाने के साथ लखनऊ लैब से जांच कराने के लिए भेजा है।
थाना पुलिस ने आरोपी दिनेश यादव और किशोरी का डीएनए टेस्ट कराने की बात कही है। आरोपी दिनेश यादव ने रेप के आरोप से इंकार किया है। उसका कहना है कि उसे रंजिशन फंसाया जा रहा है। घटना के दिन गांव के उस तरफ वह गया भी नहीं था। प्रथम दृष्टया मेडिकल में पुष्टि न होने पर पुलिस की जांच भी अब दूसरी दिशा में मुड़ गई है।
------
गैंगरेप पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट मिल गई, जिसमें जोर जबरदस्ती की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए किशोरी और आरोपी दोनों का ही डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। जांच निष्पक्षता से की जाएगी।
-चंद्रपाल सिंह, एसओ, इस्लामनगर