नेपाल से नदी के रास्ते तस्करी के जरिए बिहार भेजी जा रही नेपाली शराब की बड़ी खेप खड्डा पुलिस ने गंडक नदी के वीरभार ठोकर पर पकड़ी है। पुलिस ने एक नेपाली तस्कर को भी असलहा तथा नाव के साथ भी कब्जे में ले लिया है।
खड्डा पुलिस के अनुसार खबर मिली थी कि नेपाल से बड़ी मात्रा में शराब नाव से बिहार ले जाई जा रही है। बृहस्पतिवार की रात खड्डा एसओ श्रीप्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ वीरभार ठोकर के पास नदी में घेराबंदी की। एसओ के अनुसार नदी में आ रही एक नाव को घेरकर उस पर सवार व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान कमलेश निवासी सकरदिनही थाना रामनगर (नेपाल) के रूप में हुई। इसके पास से कट्टा व कारतूस भी मिला है। पुलिस ने कब्जे में ली गई नाव की तलाशी ली तो उस पर 2100 शीशी नेपाली शराब लदी हुई थी। एसओ के अनुसार पकड़े गए व्यक्ति ने इस धंधे में लिप्त तीन अन्य लोगों का भी नाम बताया है। पुलिस चारों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर पकड़े गए कमलेश को जेल भेज दिया है।