पडरौना। अवैध तरीके से पशुओं को काटे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के बसहिया गांव में छापा मारा। वहां प्रतिबंधित मांस बेचे जाने की सूचना मिली थी।
पुलिस के पहुंचते ही दुकानदार वहां से भाग गए। वहां मिले मांस के सैंपल जांच के लिए मथुरा भेजा गया। इस सिलसिले में पडरौना कोतवाली की पुलिस ने 12 नामजद और कई अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया है।
अवैध रूप से पशुओं को काटे जाने की सूचना मिलने पर सीओ शशिशेखर सिंह की अगुवाई में पडरौना कोतवाली, कुबेरस्थान थाना और महिला थाने की पुलिस ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से छापा मारा। वहां पशुओं को काटने और उनका मांस बेचने का कारोबार अर्से से चल रहा है।
करीब दस वर्षों के भीतर बसहिया में पहली बार पुलिस ने इतनी सक्रियता दिखाई और वहां छापा मारा। अचानक पुलिस के पहुंचते ही मांस बेंचने वाले दुकानदार मांस छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने मांस के नमूने लेकर मथुरा भेजा।
बताया जा रहा है कि वहां प्रतिबंधित मांस की बिक्री की जा रही थी। वहां खड़े किए गए वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस टीम के वहां पहुंचने पर गांव के लोग दूर खड़े होकर ही नजारा देखते रहे।
इस संबंध में पडरौना कोतवाली प्रभारी श्रीकांत राय का कहना था कि 12 नामजद और कई अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध यह कार्रवाई गोवध निवारण अधिनियम के तहत हुई है।