एसबेस्टस शीट को काटकर दुकान में घुसे चोर।
- फोटो : अमर उजाला
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही बाजार स्थित मोबाइल की दुकान से चोरों ने लाखों के मोबाइल चुरा लिए। चोर दुकान के ऊपर लगी एसबेस्टस शीट को काटकर घुसे थे। मंगलवार सुबह जब दुकान खुली तो अंदर का नजारा देखकर दुकानदार सन्न रह गया।
दुदही बाजार के स्टेशन रोड पर पूर्वी ढाले के समीप बबलू रौनियार की मुस्कान नाम से मोबाइल की दुकान है। सोमवार रात बबलू दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने दुकान खोली तो रैक में लगे मोबाइल के डिब्बे फर्श पर बिखरे पड़े थे और मोबाइल सेट गायब थे। दुकान की छत की एसबेस्टस की शीट टूटी हुई थी। चोरी का आभास होते ही दुकानदार फूट-फूटकर रोने लगा। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार वहां पहुंचे और चोरी की वारदात से सन्न रह गए।
सूचना पाकर विशुनपुरा पुलिस भी मौके पर पहुंची। तीन दिन पहले ही बड़हरा टोला निवासी शुकुल सिंह के घर से भी 3.25 लाख रुपया और गहना, कपड़ा चोरी हो गया था। चोरी की बढ़ती घटनाओं से यहां के दुकानदार व आम लोग सहमे हुए हैं। दुकानदार ने तहरीर देकर पांच लाख रुपये के मोबाइल चोरी होने की बात कही है। इस संबंध में विशुनपुरा थाने के एसओ ओपी राय का कहना है कि तहरीर मिली है। चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।