खड्डा/कुशीनगर। यूपी सीमा से मात्र डेढ़ किलोमीटर दूर बिहार में हुई लूट की बड़ी वारदात ने लोगों को हिलाकर रख दिया है।
बदमाशों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया, उससे यही आशंका जताई जा रही है कि वे न सिर्फ दुस्साहसी थे, बल्कि पूरी तैयारी करके आए थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले की पुलिस भी सक्रिय हो गई। बगहा और कुशीनगर की पुलिस की कई टीमें बदमाशों का सुराग लगाने में जुट गई हैं।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत चार प्रखंड गंडक नदी के इस पार हैं। इनमें मधुबनी गांव में स्टेट बैक की शाखा है। इस शाखा के लिए कैश लाने के लिए बिहार के रंगललही गांव निवासी रामचंद्र सिह अपनी बोलेरो गाड़ी चलाकर पडरौना स्टेट बैंक गए थे।
इनके साथ बैंक के सहायक प्रबंधक अभयानंद और गार्ड अभय कुमार सिंह थे। पडरौना से लगभग 11 किलोमीटर बाद बिहार सीमा शुरू हो जाती है।
यूपी के बांसी और जूड़ी चौक गांव से मात्र डेढ़ किलोमीटर आगे बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने गार्ड को संभलने तक का मौका भी नहीं दिया।
गार्ड अभी मोर्चा लेता, बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। पुलिस भी कयास लगा रही है कि बदमाश पहले से ही कैश वाली गाड़ी पर नजर बनाए हुए थे।
बदमाशों ने जिस बोलेरो का इस्तेमाल किया था, उस पर बिहार का रजिस्ट्रेशन नंबर है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों के पास हथियार थे। बदमाश अपने चेहरे भी नहीं ढके थे। इससे माना जा रहा है कि इस जुर्म में शामिल बदमाश पूरी तरह से बेखौफ थे।
बदमाशों के दुस्साहस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी गाड़ी जब गड्ढे में फंस गई तो वे उसे छोड़कर उसी रास्ते से गुजर रहे राजेश यादव निवासी बरवा की बाइक और दहवा निवासी हनीफ की मोपेड छीनकर भाग गए। बदमाशों ने गार्ड से लूटी बंदूक को देवीपुर गांव के पास फेंका था, जिससे माना जा रहा है कि उन्होंने भागते वक्त उसी रास्ते को चुना था।
घटना के बाद बगहा के डीएसपी रामचंद्र राजगुरु पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि लुटेरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं।
यूपी की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। कुछ देर बाद घटनास्थल पर पडरौना कोतवाली के प्रभारी श्रीकांत राय भी पहुंचे। इस घटना के बाद जिले के खड्डा और हनुमानगंज थाने की पुलिस भी बिहार बॉर्डर पर तलाशी में जुट गई।
लोगों का कहना है कि इस घटना को अंजाम देकर बदमाशों ने दोनों प्रांतों की पुलिस को चुनौती दी है। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि इस घटना के बाद बिहार सीमा के छह थानों के एसओ को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। तीन सीओ को पुलिस टीम की मॉनीटरिंग करने के लिए कहा गया है।
कुछ सुराग मिले हैं, जिन पर पुलिस टीम काम कर रही है। बगहा के पुलिस अफसर संपर्क में हैं। उनका पूरा सहयोग किया जा रहा है।