खड्डा थानाक्षेत्र के लंगड़ी गांव के घूर छपरा टोले में खाना बनाते समय एक व्यक्ति के घर में लगी आग की चपेट में आसपास के सात घर आ गए।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। खाना बनाते समय छिटकी चिंगारी से ग्रामसभा के घूर छपरा टोले में आग लग गई। आग की चपेट में आसपास के सात घर आ गए और जब तक आग पर काबू किया जाता, घरों में रखे सामान जलकर नष्ट हो गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने गांववालों के सहयोग से दो घंटे की मेहनत के बाद काबू किया।
खड्डा थानाक्षेत्र के लंगड़ी ग्रामसभा के घूर छपरा टोले में शनिवार की दोपहर झूरी के घर में खाना पकाया जा रहा था। इसी बीच निकली चिंगारी से घर में आग लग गई। घर में मौजूद लोग शोर मचाते हुए किसी तरह से भागकर बाहर निकले। देखते ही देखते ही आग ने आसपास के छह अन्य घरों को चपेट में ले लिया।
इस बीच आग की चपेट में शेषनाथ पाल, पप्पू प्रसाद, अशोक प्रसाद, अरविंद, गौरीशंकर, उदयभान के घर आ गये। इन घरों मे रखे नकद रुपये, आभूषण, अनाज, कपड़े, बिस्तर सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए।
शोर सुन गांववाले मौके पर पहुंचे और पंपिंग सेट चालू कर आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड के लोगों ने गांववालों के सहयोग से दो घंटे मेहनत के बाद आग पर काबू किया। इससे पहले घरों में रखे सामान जलकर नष्ट हो चुके थे।