तरयासुजान थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव के निकट एनएच पर दो ट्रकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
तरयासुजान थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव के निकट एनएच पर दो ट्रकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रकों के चालक और हेल्पर सहित चार लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उनमें एक चालक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसा गलत लेन में चलने की वजह से हुआ।
रविवार की शाम माधोपुर मंझरिया के पेट्रोल पंप से डीजल लेकर एक ट्रक चालक गलत लेन में ही जा रहा था। चालक बनवरिया गांव के निकट एनएच पर बनी क्रॉसिंग को पार कर अपनी लेन की तरफ बढ़ा ही था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक पूरी तरह पीछे मुड़ गया।
इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक व खलासी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने घायल चालक अश्विनी उम्र 30 वर्ष निवासी कानपुर, आदेश उम्र 18 वर्ष निवासी कानपुर, संतोष उम्र 35 वर्ष निवासी मोतिहारी बिहार और संजय उम्र 25 वर्ष निवासी नरहवा बिहार को एनएचआई के एंबुलेंस से तमकुहीराज सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चालक संतोष की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।