रामकोला। सरकारी अभिलेख में हेराफेरी कर जमीन, खलिहान, रास्ता, नवीन परती पर फर्जी नाम चढ़ाने तथा अपने ससुर व परिवार के लोगों के नाम फर्जी पट्टा करने के आरोप में एक पूर्व लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। नगर क्षेत्र के पूर्व लेखपाल विदेशी शर्मा को कप्तानगंज तहसील क्षेत्र का भूमाफिया भी चिह्नित किया गया है।
कप्तानगंज के एसडीएम त्रिभुवन सिंह ने बताया कि रामकोला कस्बे के लेखपाल रहे विदेशी शर्मा ने सरकारी जमीन, खलिहान, रास्ता, नवीन परती व अन्य जमीनों को फर्जी तरीके से पट्टा किया था। शर्मा ने अपने रिश्तेदार और परिवार के लोगों के नाम पर भी फर्जी तरीके से पट्टा किया था। शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई गई तो गड़बड़ी उजागर हो गई। मौजूदा समय में आरोपी लेखपाल सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
एसडीएम ने बताया कि विदेशी शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जीवाड़ा किया। इसकी जांच के बाद रजिस्ट्रार कानूनगो की तहरीर पर रामकोला थाने में धोखाधड़ी व एंटी भू-माफिया का केस दर्ज कराया गया है। इस संबंध में एसओ रामकोला अनिल कुमार ने बताया कि रजिस्ट्रार की तहरीर पर पूर्व लेखपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।