खड्डा। घटतौली के आरोप में खड्डा स्थित एक चीनी मिल के प्रबंधक सहित चार लोगों के खिलाफ थाने में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि अभी तक पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज नहीं किया है।
घटतौली की शिकायत मिलने पर बृहस्पतिवार को शाम को क्षेत्रीय विधायक विजय दूबे की अगुवाई में किसानों ने चीनी मिल के तौल केंद्र पर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी। चीनी मिल के तौल केंद्र पर गन्ना लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के तौल में करीब 2900 रुपये मूल्य के गन्ने की घटतौली मिलने पर किसान ने शोर मचाया तो मौके पर मौजूद अन्य किसान सकते में आ गए।
जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार को विधायक विजय दूबे, भाजपा नेता नीलेश मिश्रा सहित काफी संख्या में किसान एकत्र हो गए और विधायक की अगुवाई में मिल गेट पर प्रदर्शन कर मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे।
जिला गन्ना अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों पर केस दर्ज कराने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया था। खड्डा केन यूनियन के सचिव श्रीराम ने बताया कि जिला गन्ना अधिकारी के निर्देश पर थाने पर मिल के प्रबंधक सहित चार लोगों पर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
इस संबंध में खड्डा थाना प्रभारी नवीन सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (ब्यूरो)