रामकोला। थाना क्षेत्र के गांव सिधावे के टोला इंदरपुर में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों जलने से हुई विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। महिला के भाई ने दहेज में मोटर साइकिल और सोने की चेन न देने पर प्रताड़ित करने एवं जलाकर मारने का आरोप लगाया है।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव अमही निवासी गणेश गिरि की बेटी नीरज की शादी रामकोला थाने के गांव सिधावे के टोला इंदरपुर निवासी वशिष्ठ गिरि के बेटे चंदन से हुई थी। इनके दो बच्चे भी हैं। रविवार की दोपहर में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से नीरज की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर उसके भाई धर्मेंद्र गिरी ने रामकोला थाने पर पहुंचकर पति, सास, ससुर और देवर पर दहेज के लिए जला कर मार देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित चारों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में एसओ श्यामलाल यादव ने कहा कि महिला के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।