दरवाजे पर हो रहे खड़ंजा का विरोध करने पर हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की बुधवार को इलाज के दौरान मेडिकल कालेज में मौत हो गई। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने इस मामले के आरोपी जिला पंचायत सदस्य समेत तीन लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कप्तानगंज थानाक्षेत्र के गांव सोहनी में मंगलवार को रामपारस सिंह के दरवाजे पर खड़ंजे का कार्य हो रहा था। आरोप है कि ग्राम प्रधान सुनीता सिंह के पति व जिला पंचायत सदस्य बीएन सिंह उर्फ पंचम सिंह रामपारस सिंह के ही ईंट से उन्हीं के दरवाजे पर जबरदस्ती खड़ंजा करवा रहे थे।
रामपारस सिंह ने इसका विरोध किया तो वहां मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में रामपारस सिंह को घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए कप्तानगंज सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृत रामपारस सिंह के पुत्र रामबहादुर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य पंचम सिंह, गोली सिंह व रामप्रताप भारती आदि पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कसया के सीओ राघवेन्द्र चतुर्वेदी ने भी मौका मुआयना किया। इस संबंध में एसओ चौथीराम यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर गैरइरादत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।