हाटा। कोतवाली क्षेत्र के पिडरा गांव में बुधवार की रात को चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। चोर आभूषण और अन्य सामान चुरा ले गए।
पिडरा के बाबूराम टोला निवासी गिरीश तिवारी के परिवार के लोग बुधवार की रात में भोजन करने के बाद सोन गए। रात लगभग 01:30 बजे जब इनकी छोटी बहू किसी कार्य से कमरे का दरवाजा खोलना चाही तो वह बाहर से बंद था। उसने कुछ आहट सुनकर शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य भी उठ गए और चोर वहा से चंपत हो गए।
घर के लोगों ने देखा कि एक कमरे का ताला टूटा हुआ है। जब अंदर जाकर लोगों ने देखा तो पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। कमरे में रखी आलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे सोने चांदी के आभूषण के साथ एक बॉक्स और तीन अटैची गायब थी। घर के लोगों ने बताया कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था।
भोर में घर के पीछे कुछ दूरी पर दो अटैची और एक बॉक्स तोड़ कर फेंका हुआ मिला। गृह स्वामी ने बताया कि रात को 100 नंबर डायल किया गया तो फोन नहीं उठा। सुबह पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। तहरीर लेकर पुलिस ले जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज सुकरौली का कहना है कि घटना की जानकारी है। जांच की जा रही है।