दुदही। कुश्ाीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर घाट के बलुवाड़ावा गांव के पास शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बालू खनन माफिया ने दो किसानों पर ट्रैक्टर ट्राली से कुचलने के प्रयास किया। किसानों ने शोर मचाया तो गांव के तमाम लोग लाठी डंडा लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक खनन माफिया मौके से भाग निकले थे। लोगों ने बालू लदा ट्रैक्टर-ट्राली पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, हालांकि पुलिस ने रात में ही गाड़ियां छोड़ दीं।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र में बैकुंठपुर कोठी, नैनहा, नौगाहवा, कोकिल पट्टी, खैरवा, समेत कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर बालू खनन हो रहा है। रात में ट्रक, पिकअप, डीसीएम आदि माल वाहनों से बालू बाहर भेजा जा रहा है। शुक्रवार की रात में बलुवाड़ावा निवासी प्रभु यादव के खेत से बालू निकाला जा रहा था। जानकारी होने पर प्रभु व गोरख अपने खेत में पहुंच गए। किसानों का कहना है कि खेत से बालू निकालने का विरोध करने पर खनन माफिया ने उन्हें ट्रैक्टर ट्राली से कुचलने का प्रयास किया। इन किसानों ने शोर मचाया तो गांव से काफी संख्या में लोग लाठी डंडा लेकर वहां पहुंच गए।
भीड़ देख बालू खनन कर रहे लोग गाड़ी छोड़कर भाग निकले। लोगों ने बालू लदा ट्रैक्टर ट्राली को चालक सहित पकड़ लिया तथा सीओ तमकुहीराज समेत अन्य वरिष्ठ अफसरों को इसकी सूचना दी। मौके पर 100 नंबर गाड़ी के साथ विशुनपुरा पुलिस भी पहुंची परंतु पुलिसकर्मी सूचना देने वाले व्यक्ति को ही गाड़ी में बैठाने लगे। इस पर एक बार फिर लोगों ने विरोध जताना शुरू किया। इसके बाद पुलिस ने उस व्यक्ति को छोड़ा। इसके बाद पकड़ी गई बालू लदी गाड़ी को कब्जे में लिया गया, परंतु देर रात इस गाड़ी को भी छोड़ दिया गया।
इस संबंध में सीओ तमकुहीराज आरके तिवारी का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस फोर्स मौके पर भेजी गई थी। पकड़ी गई बालू लदी गाड़ी के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए विशुनपुरा एसओ को निर्देश दिया गया है।