थाना क्षेत्र के चंदरपुर बरवा गांव के छावनी टोला में शुक्रवार की रात अचानक आग लगने के कारण गंभीर रूप से झुलसे पिता की भी मौत हो गई। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके दोनों बच्चों की मौत उसी रात हो गई थी।
चंदरपुर बरवा गांव के छावनी टोला निवासी अरविंद पासवान (30) अपने दो कमरे के मकान में बीवी-बच्चों के साथ रहते थे। उनमें एक कमरे में भरा हुआ रसोई गैस सिलिंडर रखा था। बीते शुक्रवार की रात में अरविंद पासवान अपने दो बच्चों पांच वर्षीय नितिन और दो वर्षीय निक्कू के साथ सोए थे। किन्हीं कारण से उस कमरे में आग लग गई और थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कमरे में घिरे अरविंद और बच्चों को जब तक लोग बचाने का कोई उपाय करें, तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर हालत में अरविंद को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार की देर रात अरविंद ने भी दम तोड़ दिया। अरविंद की मौत की सूचना गांव आई तो उनके घर में कोहराम मच गया। उनकी तीन बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।