पडरौना। नगर में ब्लॉक कार्यालय के निकट विवादित भूमि पर शनिवार को कब्जा करने की कोशिश की गई। कब्जा कर रहे पक्ष ने वहां रह रहे परिवारवालों पर जमकर पथराव किया। इससे दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पडरौना ब्लॉक के निकट जमीन के एक हिस्से पर कई लोग दावेदारी करते आ रहे हैं। एक परिवार इस जमीन पर शेड डालकर रहता भी है। शनिवार की सुबह तकरीबन आठ बजे एक पक्ष के लोग उस जमीन पर कब्जा करने के लिए पहुंच गए। आरोप है कि सब्बल और अन्य हथियार हाथ में लिए लोग जमीन पर कब्जा करने के लिए दीवार तोड़ने लगे। वहां रह रहे परिवार के लोगों ने प्रतिरोध किया तो कब्जा करने पहुंचे लोग पथराव शुरू कर दिए। इससे वहां तकरीबन 15 मिनट तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। घटनास्थल पर 100 से अधिक लोग एकत्र हो गए थे। इसकी सूचना एसपी को दी गई। थोड़ी ही देर में वहां पुलिस फोर्स पहुंच गई। पथराव के कारण हरिश्चंद्र दीक्षित, अमित दीक्षित, मणिंद्र दीक्षित और राहुल घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अमित और मणिंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। एहतियातन मौके पर पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। इस संबंध में पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय का कहना था कि तहरीर मंगाई जा रही है। उसके बाद प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी, जबकि सीओ सदर शशिशेखर सिंह का कहना था कि घायल हरिश्चंद्र की तरफ से तहरीर मिल गई है। घटना जमीन के विवाद को लेकर हुई। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।